बिहार में 72 घंटे के भीतर कोल्ड-डे के आसार, पटना में 8 डिग्री तक गिरा तापमान

बिहार में 72 घंटे के भीतर कोल्ड-डे के आसार, पटना में 8 डिग्री तक गिरा तापमान

 

 

बिहार में ठंड बढ़ गई है। पटना सहित कई जिलों के दिन के तापमान में सोमवार को 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई। प्रदेश में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर पश्चिमी हवा चलने और बादल छाए रहने के कारण तापमान गिरा है।

मौसम विभाग के दौरान अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक लोगों को इसी तरह के मौसम का एहसास होगा। इस कारण 72 घंटे के भीतर शीत दिवस यानी कोल्ड-डे जैसे हालात बनने के आसार हैं।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बिहार के न्यूनतम तापमान में अगले तीन दिनों के दौरान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के 33 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट आई। वहीं 27 शहरों के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। प्रदेश का सबसे ठंडा शहर 9.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सहरसा का अगवानपुर और सबसे गर्म शहर 25.8 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी रहा।

पटना में दिन का तापमान तेजी से गिरा, रात का चढ़ा

राजधानी में मौसम का मिजाज सोमवार सुबह से ही बदला-बदला सा नजर आया। बादल छाए रहने और हवा चलने के कारण दिन में भी लोगों को ठंड का एहसास हुआ। हालांकि सुबह में हल्के स्तर का कोहरा छाया रहा।

मौसम विभाग के अनुसार पटना के न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई और अधिकतम तापमान में 6.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। पटना का न्यूनतम तापमान 17 और अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यानी पटना के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में सिर्फ 2.6 डिग्री सेल्सियस का ही अंतर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *